IPL 2020 : Chennai Super Kings टीम के सदस्यों को हुआ Corona, अब क्या??? | हिंदी न्यूज़
IPL: चेन्नै सुपर किंग्स टीम के सदस्यों को हुआ कोरोना, अब एक सप्ताह के लिए और बढ़ा क्वारंटीन
यह अभी जानकारी नहीं है कि खिलाड़ी, सपॉर्ट स्टाफ या अधिकारियों में (Members of CSK
contingent Covid-19 Test Positive) किसे कोरोना हुआ है। दुबई पहुंचने के बाद टीम से जुड़े सदस्यों का कोविड-19 टेस्ट किया गया था जो पॉजिटिव आया है।
तीन बार की चैंपियन टीम चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) के कुछ सदस्य घातक कोरोना वायरस टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी के चलते अब उनका क्वारंटीन पीरियड भी बढ़ा दिया गया है। दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम सीएसके के लिए इसे एक बड़ा झटका माना जा रहा है जिसके खिलाड़ी शुक्रवार से दुबई में अभ्यास शुरू करने वाले थे।
सूत्रों ने खबर की पुष्टि की लेकिन यह अभी जानकारी नहीं है कि खिलाड़ी, सपॉर्ट स्टाफ या अधिकारियों में किसे कोरोना हुआ है। यह जानकारी मिली है कि दुबई पहुंचने के बाद टीम से जुड़े सदस्यों का कोविड-19 टेस्ट किया गया था जो पॉजिटिव आया है। नतीजतन, सीएसके को अब एक और सप्ताह के लिए क्वारंटीन में रहना होगा।
चेन्नै सुपर किंग्स टीम के खिलाड़ी और सपॉर्ट स्टाफ 21 अगस्त को दुबई पहुंचे और पहले से ही बीसीसीआई की ओर से लगाए गए अनिवार्य छह दिवसीय क्वारंटीन से गुजर रहे थे। भारत में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए इस साल आईपीएल यूएई में हो रहा है जो 19 सितंबर से शुरू होगा।
यह भी जानकारी मिली है कि सीएसके के पूरे दस्ते, जिसमें सपॉर्ट स्टाफ और अधिकारी भी शामिल हैं, का शुक्रवार को चौथी बार कोविड-19 टेस्ट किया गया था।बीसीसीआई ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचने से पहले टीमों के लिए तीन बार कोरोना वायरस टेस्ट कराना अनिवार्य कर दिया था जिसके बाद ही वे अभ्यास शुरू कर सकें। सीएसके खिलाड़ियों के चौथे कोविड-19 टेस्ट का परिणाम अब शनिवार को पता चलेगा।
सूत्रों ने बताया कि सीएसके टीम ने दुबई पहुंचने के बाद सभी तरह की आवश्यक सावधानी बरती है। उन्होंने कहा, 'यहां तक कि जब यूरोप में फुटबॉल शुरू हुआ था, तब भी कुछ खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। इसलिए आईपीएल की आठ टीमों और 1000 से अधिक सदस्यों के साथ इस तरह की आशंका रहती है। यह किसी भी टीम के साथ हो सकता है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि सभी प्रकार की सावधानियां बरतने के बावजूद सीएसके के साथ ऐसा हुआ।'
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें